ssc-mts-ga-gk-previous-year-question-p2

SSC MTS GK/GA – Indian Polity Practice Set 02

 भारतीय राजव्यवस्था

(Indian Polity)

 

26. निम्नलिखित में से वे व्यक्ति कौन हैं, जो अनुच्छेद 143 के अधीन किसी मामले को सलाहकारी राय के लिए भारत के उच्चतम न्यायालय को भेज सकते हैं ?

(a) भारत के राष्ट्रपति
(b) राज्यपाल
(c) उपराज्यपाल
(d) राष्ट्रपति तथा राज्यपाल

Ans: (a) भारत के राष्ट्रपति

[SSC MTS off online 2006]

Explanation: [संविधान के अनुच्छेद 143 के अधीन भारत का राष्ट्रपति विधि या तथ्य के सार्वजनिक महत्व का प्रश्न उपस्थित होने पर संबंधित मामले को सलाहकारी राय के लिए भारत के उच्चतम न्यायालय को भेज सकता है परंतु न्यायालय ऐसी सलाह देने के लिए तथा राष्ट्रपति दी गई सलाह को मानने के लिए बाध्य नहीं होगा।]

27. भारत का पहला अराजनीतिज्ञ राष्ट्रपति कौन था ?

(a) डॉ. जाकिर हुसैन
(b) डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम
(c) डॉ. एस. राधाकृष्णन
(d) डॉ. राजेंद्र प्रसाद

Ans: (b) डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम

[SSC MTS off online 2006]

Explanation: [भारत के पहले अराजनीतिज्ञ राष्ट्रपति ( 11वें ) डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम थे। उनका कार्यकाल 25 जुलाई, 2002 से 25 जुलाई, 2007 तक रहा। वे मूलतः एक परमाणु वैज्ञानिक थे और उन्होंने विजन-2020 तथा पुरा ( PURA) योजना के माध्यम से राष्ट्रीय विकास हेतु सरकार को प्रेरित किया। उन्हें ‘आमजन का राष्ट्रपति’ या People’s President भी कहा जाता है।]

28. राष्ट्रपति संविधान के किस अनुच्छेद के अंतर्गत राष्ट्रीय आपात स्थिति घोषित कर सकता है ?

(a) अनुच्छेद 352
(b) अनुच्छेद 356
(c) अनुच्छेद 360
(d) अनुच्छेद 361

Ans: (a) अनुच्छेद 352

[SSC MTS off online 2006]

Explanation: [राष्ट्रपति संविधान के अनुच्छेद 352 के अंतर्गत राष्ट्रीय आपात स्थिति घोषित कर सकता है। 44 वें संविधान संशोधन के अनुसार, ‘सशस्त्र विद्रोह’ या ‘बाह्य आक्रमण’ की स्थिति में ही राष्ट्रीय आपात उद्घोषणा की जाएगी। अब तक भारत में तीन बार अक्टूबर, 1962 (भारत-चीन युद्ध), दिसंबर, 1971 ( भारत-पाक युद्ध) और जून, 1975 (आंतरिक अशांति के आधार पर) में राष्ट्रीय आपात लागू किया गया है।]

29. राष्ट्रपति ने अब तक कितनी बार राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा की है ?

(a) केवल एक बार
(b) दो बार
(c) तीन बार
(d) कभी नहीं

Ans: (c) तीन बार

[SSC MTS off online 2006]

Explanation: [राष्ट्रपति द्वारा अब तक देश में कुल तीन बार राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा की जा चुकी है- पहली बार 1962 (चीन युद्ध), दूसरी बार 1971 (पाकिस्तान युद्ध) और तीसरी बार 1975 (आंतरिक अशांति) में।]

30. राष्ट्रपति की सेवानिवृत्ति आयु क्या है ?

(a) 70 वर्ष
(b) 75 वर्ष
(c) 80 वर्ष
(d) कोई सीमा नहीं

Ans: (d) कोई सीमा नहीं

[SSC MTS off online 2006]

Explanation: [संविधान के अनु. 56 (1) के अनुसार राष्ट्रपति अपने पद ग्रहण की तारीख से 5 वर्ष की अवधि तक पद धारण करेगा परंतु संविधान में राष्ट्रपति की सेवानिवृत्ति आयु की कोई सीमा नहीं रखी गई है।]

31. निम्नलिखित में से कौन अपना पद राष्ट्रपति की संतुष्टि के दौरान धारण करता है ?

(a) प्रधानमंत्री
(b) राज्यपाल
(c) चुनाव आयुक्त
(d) लोक सभा का अध्यक्ष

Ans: (b) राज्यपाल

[SSC MTS off online 2006]

Explanation: [अनुच्छेद 156 (1) के तहत राज्यपाल, राष्ट्रपति के प्रसादपर्यंत अपना पद धारण करता है।]

 संसद (Parliament)

32. राज्य सभा के सदस्यों का सेवा-काल कितना होता है ?

(a) तीन वर्ष
(b) चार वर्ष
(c) पांच वर्ष
(d) छ: वर्ष

Ans: (d) छ: वर्ष

[SSC MTS off online 2008]

Explanation: [राज्य सभा स्थायी सदन है तथा यह कभी पूर्णतः विघटित नहीं होती। राज्य सभा के सदस्यों का सेवाकाल छः वर्ष होता है तथा प्रत्येक दो वर्ष की समाप्ति पर राज्य सभा के यथाशक्य एक-तिहाई सदस्य सेवानिवृत्त होते हैं जिनके स्थान पर नए सदस्यों का निर्वाचन होता है।]

33. संसद में शामिल हैं-

(a) राष्ट्रपति, लोक सभा और राज्य सभा
(b) लोक सभा और राज्य सभा
(c) लोक सभा और विधान सभा
(d) विधान सभा, विधान परिषद और लोक सभा

Ans: (a) राष्ट्रपति, लोक सभा और राज्य सभा

[SSC MTS off online 2008]

Explanation: [संविधान के अनु. 79 के अनुसार, संघ की संसद राष्ट्रपति, लोक सभा और राज्य सभा से मिलकर बनती है।]

34. भारतीय संसद में कितने सदन हैं ?

(a) 2
(b) 3
(c) 4
(d) 5

Ans: (a) 2

[SSC MTS (T-1) online 16.09.2017 shift-1]

Explanation: [भारतीय संसद में दो सदन होते हैं, प्रथम लोक सभा (निम्न सदन ) तथा द्वितीय राज्य सभा ( उच्च सदन )।]

35. निम्नलिखित में से कहां कानून बनाने का प्रस्ताव पेश किया जा सकता है ?

(a) केवल लोक सभा
(b) केवल राज्य सभा
(c) लोक सभा तथा राज्य सभा दोनों
(d) न तो लोक सभा न ही राज्य सभा

Ans: (c) लोक सभा तथा राज्य सभा दोनों

[SSC MTS (T-1) online 19.09.2017 shift-1]

Explanation: [विधेयक के प्रवर्ग के अनुसार, विधायी प्रक्रिया चार प्रकार की होती है- (क) सामान्य विधयेक, (ख) धन विधयेक ( अनुच्छेद 110), (ग) वित्तीय विधेयक ( अनुच्छेद 117) तथा (घ) संविधान संशोधन विधेयक जो विधेयक प्रवर्ग (ख), (ग) और (घ) में नहीं आता, उसे सामान्य विधेयक कहते हैं। यह विधेयक संसद के किसी भी (लोक सभा तथा राज्य सभा दोनों) सदन में प्रारंभ किया जा सकता है।]

36. यह कौन तय करता है कि संसद में रखा जाने वाला कोई विधेयक, विशेष धन विधेयक है या नहीं ?

(a) राष्ट्रपति
(b) अध्यक्ष, राज्य सभा
(c) अध्यक्ष, लोक सभा
(d) मंत्रिमंडल

Ans: (c) अध्यक्ष, लोक सभा

[SSC MTS off online 2006, 2008]

Explanation: [संविधान के अनुच्छेद 110(3) के अनुसार, यदि यह प्रश्न उठता है कि कोई विधेयक धन विधेयक है या नहीं, तो उस पर लोकसभा अध्यक्ष का निर्णय अंतिम होता है।]

37. केंद्रीय विधानमंडल का अध्यक्ष बनने वाले पहले भारतीय कौन थे ?

(a) सच्चिदानंद सिन्हा
(b) जी. वी. मावलंकर
(c) विट्ठलभाई पटेल
(d) डॉ. राजेंद्र प्रसाद

Ans: (c) विट्ठलभाई पटेल

[SSC MTS off online 2006]

Explanation: [केंद्रीय विधानमंडल के अध्यक्ष बनने वाले सर्वप्रथम भारतीय विट्ठलभाई पटेल (वर्ष 1925 में) थे।]

38. राज्य सभा का सभापति कौन होता है ?

(a) स्पीकर
(b) भारत के उपराष्ट्रपति
(c) भारत के प्रधानमंत्री
(d) इनमें से कोई नहीं

Ans: (b) भारत के उपराष्ट्रपति

[SSC MTS (T-1) online 20.09.2017 shift-1]

Explanation: [भारत का उपराष्ट्रपति पदेन रूप से राज्य सभा का सभापति होता है, जो सदन की बैठकों की अध्यक्षता करता है।]

39. लोक सभा अध्यक्ष के वेतन और भत्ते कौन निर्धारित करता है ?

(a) राष्ट्रपति
(b) वेतन आयोग
(c) मंत्रिमंडल
(d) संसद

Ans: (d) संसद

[SSC MTS off online 2006]

Explanation: [अनु. 97 के अनुसार, राज्य सभा के सभापति और उपसभापति को तथा लोक सभा के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष को ऐसे वेतन और भत्तों का, जो संसद, विधि द्वारा नियत करे, संदाय किया जाएगा।]

40. वह प्रधानमंत्री कौन हैं जिन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान संसद के अधिवेशन (सत्र) में भाग नहीं लिया ?

(a) ए. बी. बाजपेयी
(b) चंद्रशेखर
(c) वी.पी. सिंह
(d) चौ. चरण सिंह

Ans: (d) चौ. चरण सिंह

[SSC MTS off online 2006]

Explanation: [चौधरी चरण सिंह अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान एक बार भी संसद (लोकसभा) का सामना नहीं कर पाए थे क्योंकि संसद का सत्र शुरू होने से पहले ही उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।]

 मंत्रिपरिषद

(Council of Ministers)

41. मंत्रिपरिषद की बैठकों की अध्यक्षता कौन करता है ?

(a) प्रधानमंत्री
(b) राष्ट्रपति
(c) मंत्रिमंडल सचिव
(d) लोक सभा अध्यक्ष

Ans: (a) प्रधानमंत्री

[SSC MTS off online 2008]

Explanation: [मंत्रिपरिषद की बैठकों की अध्यक्षता प्रधानमंत्री द्वारा की जाती है क्योंकि वही मंत्रिपरिषद का अध्यक्ष होता है।]

42. भारत का प्रधानमंत्री बनने के लिए अपेक्षित न्यूनतम आयु क्या है ?

(a) 18 वर्ष
(b) 21 वर्ष
(c) 25 वर्ष
(d) 35 वर्ष

Ans: (c) 25 वर्ष

[SSC MTS off online 2008]

Explanation: [भारत का प्रधानमंत्री बनने के लिए उसका संसद के किसी सदन का सदस्य होना (न होने की स्थिति में 6 माह के भीतर होना) आवश्यक है। लोक सभा की सदस्यता के लिए न्यूनतम आयु 25 वर्ष और राज्य सभा की सदस्यता के लिए न्यूनतम आयु 30 वर्ष है। अतः भारत का प्रधानमंत्री बनने के लिए अपेक्षित न्यूनतम आयु 25 वर्ष है।]

 न्यायपालिका (Judiciary)

43. उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश किस आयु तक अपने पद पर बने रहते हैं ?

(a) 62 वर्ष
(b) 65 वर्ष
(c) 70 वर्ष
(d) कोई आयु सीमा नहीं है

Ans: (b) 65 वर्ष

[SSC MTS off online 2008]

Explanation: [भारतीय संविधान के अनुसार उच्चतम न्यायालय (Supreme Court) के न्यायाधीश 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक अपने पद पर बने रह सकते हैं।]

44. उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के लिए कहां पर वकालत करने की मनाही है ?

(a) उच्चतम न्यायालय के अलावा किसी अन्य न्यायालय में
(b) भारत के किसी भी न्यायालय में
(c) उच्च न्यायालयों से नीचे किसी भी न्यायालय में
(d) किसी भी फौजदारी अदालत में

Ans: (b) भारत के किसी भी न्यायालय में

[SSC MTS off online 2006]

Explanation: [उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों को किसी भी भारतीय न्यायालय में वकालत करने की मनाही है। अनुच्छेद 124 ( 7 ) के अनुसार, उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश भारत के राज्य क्षेत्र के भीतर किसी न्यायालय या किसी प्राधिकारी के समक्ष प्रैक्टिस नहीं करेगा।]

45. उच्चतम न्यायालय में एक मुख्य न्यायाधीश के अलावा अधिकतम कितने अन्य न्यायाधीश हो सकते हैं ?

(a) 28
(b) 25
(c) 26
(d) 21

Ans: (b) 25

[SSC MTS off online 2008]

Explanation: [उपरोक्त प्रश्न वर्ष 2008 की परीक्षा में पूछा गया था। अतः तत्कालीन व्यवस्था के अधीन 1 मुख्य के अतिरिक्त 25 अन्य न्यायाधीश नियत किए गए थे। वर्तमान में 1 मुख्य न्यायाधीश के अतिरिक्त अधिकतम न्यायाधीशों की संख्या 33 (कुल 34) है।]

 संवैधानिक पदाधिकारी

(Constitutional Officer)

46. भारत के महान्यायवादी की नियुक्ति कौन करता है ?

(a) उच्चतम न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश
(b) संसद
(c) विधि मंत्री
(d) राष्ट्रपति

Ans: (d) राष्ट्रपति

[SSC MTS off online 2008]

Explanation: [संविधान के अनु. 76 (1) के तहत राष्ट्रपति द्वारा उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त होने के लिए अर्हित किसी व्यक्ति को भारत का महान्यायवादी नियुक्त किया जाता है।]

 निर्वाचन (Election)

47. भारत में नागरिकों के लिए निर्धारित मत देने की न्यूनतम आयु क्या है ?

(a) 18 वर्ष
(b) 21 वर्ष
(c) 16 वर्ष
(d) 20 वर्ष

Ans: (a) 18 वर्ष

[SSC MTS off online 2008]

Explanation: [61वें संविधान संशोधन अधिनियम, 1988 के द्वारा मतदान की आयु को 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष कर दिया गया था।]

48. अक्टूबर-नवंबर, 2005 में हुए आम चुनाव में बिहार की विधान सभा में सबसे अधिक सीटें निम्नलिखित में से किस पंजीकृत राजनीतिक दल को मिलीं ?

(a) भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
(b) राष्ट्रीय जनता दल
(c) लोक जनशक्ति पार्टी
(d) भारतीय जनता पार्टी

Ans: (d) भारतीय जनता पार्टी

[SSC MTS off online 2006]

Explanation: [अक्टूबर-नवंबर 2005 के बिहार विधानसभा चुनावों के दौरान जनता दल (यूनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी गठबंधन को बहुमत मिला था जिसमें बीजेपी ने अपने कोटे से अधिक सीटें जीती थीं।]

 राज्य (State)

49. मुख्यमंत्री की नियुक्ति की जाती है-

(a) राज्यपाल द्वारा
(b) राष्ट्रपति द्वारा
(c) उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश द्वारा
(d) उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश द्वारा

Ans: (a) राज्यपाल द्वारा

[SSC MTS off online 2008]

Explanation: [संविधान के अनु. 164(1) के तहत मुख्यमंत्री की नियुक्ति राज्यपाल द्वारा की जाती है तथा अन्य मंत्रियों की नियुक्ति राज्यपाल मुख्यमंत्री की सलाह पर करता है। मंत्री राज्यपाल के प्रसादपर्यंत अपने पद धारण करते हैं।]

50. निम्नलिखित में से स्वतंत्र भारत का वह सबसे पहला राज्य कौन-सा है जो केवल भाषायी आधार पर बनाया गया था ?

(a) महाराष्ट्र
(b) आंध्र प्रदेश
(c) केरल
(d) पंजाब

Ans: (b) आंध्र प्रदेश

[SSC MTS off online 2006]

Explanation: [स्वतंत्र भारत का सर्वप्रथम भाषायी आधार पर बनाया गया राज्य ‘आंध्र प्रदेश’ (1 अक्टूबर, 1953) था।]

 संवैधानिक अनुसूचियां

(Constitutional Schedules)

51. भारतीय संविधान की 8वीं अनुसूची में भाषाओं की संख्या है-

(a) 15
(b) 18
(c) 22
(d) 14

Ans: (c) 22

[SSC MTS off online 2008]

Explanation: [भारत के मूल संविधान में आठवीं अनुसूची के तहत मूलतः 14 भाषाएं थीं। 21वें संविधान संशोधन द्वारा सिंधी को तथा 71वें संविधान संशोधन द्वारा नेपाली, कोंकणी और मणिपुरी को इसमें शामिल किया गया। 92 वें संविधान संशोधन द्वारा बोडो, डोगरी, मैथिली और संथाली को आठवीं अनुसूची में शामिल किए जाने के साथ अब इसमें कुल 22 भाषाएं हैं। इन भाषाओं में शामिल हैं (1) असमिया, (2) बांग्ला, (3) बोडो (4) संथाली, (5) डोगरी, (6) गुजराती, (7) हिन्दी, (8) कन्नड़, (9) कोंकणी, (10) कश्मीरी, (11) मैथिली, (12) मलयालम, (13) मणिपुरी, (14) मराठी (15) नेपाली, ( 16 ) ओडिया (17) पंजाबी, (18) संस्कृत, (19) सिंधी, (20) तमिल, ( 21 ) तेलुगू और ( 22 ) उर्दू।]

 पंचायती राज

(Panchayati Raj)

52. पंचायती राज व्यवस्था शासन के कितने स्तरों में विभाजित है ?

(a) 1
(b) 2
(c) 3
(d) 4

Ans: (c) 3

[SSC MTS (T-1) online 18.09.2017 shift-1]

Explanation: [73वें संविधान संशोधन अधिनियम के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था की स्थापना की गई है, जिसके तीन स्तर ग्राम स्तर, खंड/मध्यवर्ती स्तर और जिला स्तर हैं।]

 विविध (Miscellaneous)

53. निम्नलिखित में से कौन भारत सरकार का अंग नहीं है ?

(a) विधायिका
(b) कार्यपालिका
(c) न्यायपालिका
(d) मीडिया

Ans: (d) मीडिया

[SSC MTS (T-1) online 17.09.2017 shift-1]

Explanation: [भारत की केंद्रीय सरकार के तीन विशिष्ट अंग हैं- (1) विधायिका, (2) कार्यपालिका एवं (3) न्यायपालिका, जबकि मीडिया लोकतंत्र के 4 स्तंभों में से एक है।]

54. निम्नलिखित में से कौन-सा संयुक्त राष्ट्र का अंग नहीं है ?

(a) अंतरराष्ट्रीय न्यायालय
(b) न्यासी परिषद
(c) आर्थिक और सामाजिक परिषद
(d) हाउस ऑफ कॉमन्स

Ans: (d) हाउस ऑफ कॉमन्स

[SSC MTS off online 2006]

Explanation: [हाउस ऑफ कॉमन्स ब्रिटेन की संसद का निचला सदन है, जबकि अन्य सभी संयुक्त राष्ट्र (UN) के प्रमुख अंग हैं।]

55. सरकार किसकी एजेंसी है ?

(a) संप्रभु की
(b) समाज की
(c) राज्य की
(d) राजनीतिक दल की

Ans: (c) राज्य की

[SSC MTS off online 2006]

Explanation: [सरकार राज्य की एजेंसी है। राज्य की जनता की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक स्थिति की बेहतरी हेतु सरकार कार्य करती है।]

56. निम्नलिखित में से कौन-सा तत्व राज्य का अनिवार्य तत्व नहीं है ?

(a) आबादी
(b) प्रशासन
(c) प्रभुसत्ता
(d) क्षेत्र

Ans: (b) प्रशासन

[SSC MTS off online 2008]

Explanation: [किसी भी राज्य के चार आवश्यक घटक होते हैं- जनसंख्या, भूक्षेत्र, सरकार और संप्रभुता (प्रभुसत्ता)। ‘प्रशासन’ राज्य का अनिवार्य तत्व नहीं है।]

57. निम्नलिखित में से कौन-सा एक राज्य का घटक नहीं है ?

(a) जनसंख्या
(b) भूमि
(c) सेना
(d) सरकार

Ans: (c) सेना

[SSC MTS off online 2008]

Explanation: [राज्य के चार प्रमुख घटकों में जनसंख्या, निश्चित भूभाग, सरकार और संप्रभुता शामिल हैं, सेना इसका अनिवार्य घटक नहीं है।]

58. एकात्मक संरचना और अध्यक्षात्मक शासन प्रणाली रूप वाले देश का एक उदाहरण है-

(a) यू. एस. ए.
(b) कनाडा
(c) भारत
(d) फ्रांस

Ans: (d) फ्रांस

[SSC MTS off online 2006]

Explanation: [एकात्मक और अध्यक्षात्मक शासन प्रणाली का सम्मिलित रूप फ्रांस के संविधान में दिखाई देता है। फ्रांस में संसदात्मक एवं अध्यक्षात्मक व्यवस्था का समन्वय है।]

 

Click here for previous post 👇

SSC MTS INDIAN POLITY POST-01

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *